चलती ट्रेलर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला

कोरबा। जिले के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में बुधवार रात करीब 9 बजे मुख्य मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कोयले से भरी एक चलती ट्रेलर में अचानक आग लग गई, जिससे कुछ ही पलों में वाहन का केबिन धू-धू कर जलने लगा। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर मुख्य मार्ग से गुजर रही थी, तभी वाहन के केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और तत्काल चलती ट्रेलर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा दमकल विभाग को जानकारी दी गई। आग लगने के कारण ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि समय रहते चालक के सुरक्षित बाहर निकल जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग लगने के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।