झूलते बिजली तार बने खतरा, जनदर्शन में पहुंची शिकायत

ब्राह्मण पारा की पुरानी बस्ती में हादसे की आशंका, नया पोल लगाने की मांग

कोरबा। शहर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित ब्राह्मण पारा, मस्जिद के पीछे पुरानी बस्ती क्षेत्र में झूलते और बार-बार टूटकर गिरने वाले बिजली तार स्थानीय रहवासियों के लिए चिंता का विषय बन गए हैं। लंबे समय से समस्या बनी रहने और स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। मामले को लेकर क्षेत्र निवासी मिर्जा आसिफ बेग ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि मोहल्ले से गुजरने वाली लो टेंशन (एलटी) विद्युत लाइन अत्यधिक झूल चुकी है। दो पोलों के बीच लगभग 75 से 80 मीटर की दूरी होने के कारण तार आपस में टकराते रहते हैं। तेज हवा, आंधी और बारिश के दौरान कई बार तार टूटकर नीचे गिर चुके हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।


बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि झूलते तारों के कारण क्षेत्र में रहने वाले बच्चों, महिलाओं और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में है। तारों के नीचे से गुजरने में लोगों को डर लगता है और कभी भी जनहानि जैसी गंभीर घटना हो सकती है।

एक वर्ष पहले भी की गई थी शिकायत
रहवासियों के अनुसार इस समस्या को लेकर 7 मई 2025 को विद्युत वितरण कंपनी के नगर संभाग तुलसीनगर जोन कार्यालय में लिखित शिकायत दी गई थी। विभाग ने उस समय केवल अस्थायी मरम्मत कर तार जोड़ दिए थे, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसके कारण समस्या आज भी बनी हुई है।

नया पोल लगाने की उठी मांग
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नया विद्युत पोल स्थापित किया जाए अथवा लाइन को सुरक्षित ढंग से व्यवस्थित किया जाए, ताकि झूलते तारों की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और भविष्य में किसी दुर्घटना की संभावना समाप्त हो।

हादसे से पहले कार्रवाई की अपील
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जनहित में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी अप्रिय घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते समस्या का समाधान किया जाना चाहिए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।