कटघोरा में पटाखा गोदाम में भीषण आग,धुएं का गुबार और लगातार विस्फोट,दमकल नहीं पहुंचने से हड़कंप

कोरबा-कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर मार्ग स्थित एक पटाखा गोदाम में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही गोदाम में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे कटघोरा निवासी प्रदीप शर्मा के पटाखा गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे पटाखे फटने लगे। धमाकों की आवाज से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत फैल गई। सुरक्षा की दृष्टि से लोग घटनास्थल से दूरी बनाकर खड़े रहे।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित कराने में जुट गई। पुलिस ने तत्काल इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी, जहां से अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। हालांकि घटना के लगभग आधे घंटे बाद तक दमकल वाहन के मौके पर नहीं पहुंचने से आग लगातार फैलती रही।

स्थानीय लोगों द्वारा अपने स्तर पर आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पटाखों में हो रहे लगातार विस्फोट राहत कार्य में बाधा बन रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।