अबेकस प्रतियोगिता में जान्हवी को प्रथम स्थान

कोरबा।उरगा की होनहार छात्रा जान्हवी चंद्रा ने राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 की कक्षा छठवीं की छात्रा जान्हवी ने रायगढ़ स्थित अग्रोहा धाम में आयोजित राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता की लिसनिंग कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियन बनीं, जबकि विजुअल कैटेगरी में फर्स्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया।

जान्हवी ने प्रतियोगिता के दौरान महज 10 मिनट में 200 गणितीय सवालों का समाधान कर अपनी असाधारण गणना क्षमता और मानसिक दक्षता का परिचय दिया। उनकी उपलब्धि ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

जान्हवी की प्रशिक्षक चेतना साव ने बताया कि अबेकस प्रशिक्षण बच्चों की स्मरण शक्ति, एकाग्रता, तार्किक सोच और गणना क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।

जान्हवी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।