कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी ने खरमोरा क्षेत्र में स्थापित नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र (सब स्टेशन) को सफलतापूर्वक चार्ज कर लिया है। इस उपकेंद्र के शुरू होने से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विकसित की गई बड़ी आवासीय कॉलोनी को भविष्य में बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवासों का निर्माण किया गया है। बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए विद्युत कंपनी ने विशेष रूप से इस कॉलोनी के लिए नए सब स्टेशन का निर्माण कराया है।
विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल उपकेंद्र को सफलतापूर्वक चार्ज कर प्रारंभिक तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जैसे-जैसे कॉलोनी में हितग्राहियों का निवास शुरू होगा और बिजली की मांग बढ़ेगी, उपकेंद्र को पूर्ण क्षमता के साथ लोड प्रदान किया जाएगा।
पाड़ीमार जोन के सहायक अभियंता चंद्रकांत जोशी ने बताया कि उपकेंद्र का निर्माण सभी तकनीकी मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है। इसकी क्षमता इतनी है कि प्रधानमंत्री आवास योजना कॉलोनी की वर्तमान एवं भविष्य की सभी विद्युत आवश्यकताओं को आसानी से पूरा किया जा सके।
उपकेंद्र के शुभारंभ अवसर पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता राजेश चौहान, ईएचटी डिवीजन की कार्यपालन अभियंता रश्मि देवांगन, सहायक अभियंता चंद्रकांत जोशी सहित विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों के प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

