बुधवारी-कांशीनगर बस्ती पहुंचे आयुक्त, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में शत-प्रतिशत लक्ष्य के निर्देश

गंगासागर तालाब की सफाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष जोर

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने मंगलवार को बुधवारी-कांशीनगर स्लम बस्ती का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी घरों से नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी घर इस व्यवस्था से वंचित न रहे।

प्रातःकालीन भ्रमण के दौरान आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 23 एवं 24 की बस्तियों में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से चर्चा कर पेयजल, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह भी पूछा कि घरों से नियमित रूप से कचरा संग्रहण हो रहा है या नहीं तथा निर्धारित समय पर रिक्शा पहुंच रहा है या नहीं।

आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपशिष्ट संग्रहण कार्य से संबंधित रजिस्टर और लॉग बुक का नियमित संधारण किया जाए। साथ ही कचरा संग्रहण के लिए वार्डों और बस्तियों में आने-जाने वाले रिक्शों की जानकारी भी व्यवस्थित रूप से दर्ज की जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस्ती स्थित गंगासागर तालाब का अवलोकन कर उसकी संपूर्ण सफाई कराने के निर्देश संबंधित अभियंता को दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों की स्वच्छता और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

भ्रमण के दौरान दिन के समय भी स्ट्रीट लाइट जलती मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित वार्ड प्रभारी को निर्देशित किया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर स्ट्रीट लाइटों के समयबद्ध संचालन और बंद करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अनावश्यक विद्युत व्यय रोका जा सके।

आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना निगम की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।