सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ, अब शिकायतों का होगा त्वरित और पारदर्शी समाधान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल, कोरबा में पहले दिन 70 से अधिक आवेदन दर्ज

कोरबा। प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से ‘‘सीएम हेल्पलाइन 1076’’ का शुभारंभ किया। यह नई व्यवस्था शासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से अब नागरिक अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं टोल फ्री नंबर 1076, मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए सीधे दर्ज करा सकेंगे। प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे उसकी ट्रैकिंग, निगरानी और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन का आधार जनता की समस्याओं का संवेदनशील, जवाबदेह और समयबद्ध समाधान है। ‘‘सीएम हेल्पलाइन 1076’’ जनसेवा को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने के साथ-साथ शासन की जवाबदेही को भी मजबूत करेगी।

कोरबा में पहले दिन मिला अच्छा प्रतिसाद
हेल्पलाइन के शुभारंभ के साथ ही कोरबा जिले के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी समस्याएं और मांगें दर्ज कराईं। जिले में पहले ही दिन 70 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें पेयजल, सड़क, नाली, भूमि संबंधी प्रकरण, विद्युत व्यवस्था तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े आवेदन शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षण कर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

पुनः समीक्षा की भी सुविधा
इस नई व्यवस्था की खास बात यह है कि यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो उसे शिकायत की पुनः समीक्षा कराने का भी अवसर मिलेगा। इसके अलावा नागरिक प्रदेश के विकास एवं जनहित से जुड़े सुझाव भी सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।