घर के बाहर खड़ी नई थार में लगाई आग,नई थार जलकर खाक; रंजिश की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ीबहार स्थित शारदा विद्या निकेतन स्कूल के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी एक नई थार वाहन में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार सोमवार और मंगलवार की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच पोड़ीबहार क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी सफेद रंग की थार में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।

बताया जा रहा है कि जली हुई थार वाहन आदित्य कुमार की थी और हाल ही में खरीदी गई थी। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश या शरारती तत्वों की भूमिका होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पोड़ीबहार क्षेत्र में पहले भी आगजनी और असामाजिक गतिविधियों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे रहवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।