दवा दुकानों और अस्पतालों में औषधियों की जांच, 50 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

गुणवत्ता, तापमान और दस्तावेजों की हुई पड़ताल, संचालकों को दिए आवश्यक निर्देश

कोरबा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर मेडिकल स्टोर्स, शासकीय अस्पतालों और पशु औषधि विक्रेताओं के यहां औषधियों एवं कॉस्मेटिक सामग्री की गुणवत्ता तथा क्रय-विक्रय प्रक्रिया की जांच की गई। तीन दिवसीय अभियान के दौरान 50 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

अभियान के तहत औषधि निरीक्षकों की टीम ने शासकीय अस्पतालों में स्थानीय स्तर पर खरीदी गई दवाओं के क्रय-विक्रय दस्तावेज, भंडारण व्यवस्था और गुणवत्ता का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्टों और स्टोर प्रभारियों को केवल अधिकृत विक्रेताओं से गुणवत्तायुक्त औषधियां खरीदने तथा निर्धारित तापमान पर उनका सुरक्षित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यह निरीक्षण जिला चिकित्सालय केन्द्रीय भंडार, अर्बन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दीपका तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भिलाई बाजार में किया गया।

अभियान के तीसरे दिन टीम ने पशु चिकित्सा में उपयोग होने वाली दवाओं की बिक्री की जांच की। पेट शॉप, पशु चारा दुकानों एवं वेटनरी मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण कर संचालकों को बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के पशु औषधियों की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही वेटनरी चिकित्सकों की सलाह के अनुसार ही दवाओं का विक्रय करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण अभियान का संचालन खाद्य एवं औषधि प्रशासन के औषधि प्रकोष्ठ के सहायक औषधि नियंत्रक महेन्द्र कुमार देवांगन, औषधि निरीक्षक सुनील सांडे, ऋषि साहू एवं वीरेन्द्र भगत द्वारा किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि दवाओं की गुणवत्ता एवं सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।