कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश
कोरबा।कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में भूमि एवं राजस्व विवाद, सीमांकन, खाता विभाजन, वनाधिकार पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि भुगतान, पीएम किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड, विद्युत व्यवस्था में सुधार, पेयजल आपूर्ति सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 154 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी आवेदनों का अवलोकन कर संबंधित विभागों को प्रेषित किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर आवेदकों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।
जनदर्शन के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल, ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश प्राप्त किए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

