नशे में वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस की सख्ती

कोरबा। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा यातायात पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नेशनल हाईवे, भारतमाला मार्ग सहित विभिन्न प्रमुख सड़कों पर वाहनों की सघन जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने एल्कोमीटर की सहायता से वाहन चालकों का परीक्षण किया। इस दौरान कई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल है। इसी कारण नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन चलाने से बचें।

अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।