उरगा और कुसमुंडा पुलिस का संयुक्त अभियान, 13.40 लाख की संपत्ति बरामद
कोरबा।पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों, कबाड़ चोरों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उरगा और कुसमुंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ और चार वाहनों को जब्त किया है। बरामद मशरूका और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 13.40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जून को थाना प्रभारी उरगा निरीक्षक नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुरूडीह स्थित एक बंद परिसर में दबिश दी। पंचों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान एक माजदा डीआरएस पिकअप, एक 407 ट्रक और एक अन्य ट्रक सहित लगभग 14 टन लोहे का कबाड़ तथा मोटरसाइकिलों के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए। इस कार्रवाई में तीन वाहनों समेत करीब 12.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इसी क्रम में 7 जून को थाना कुसमुंडा पुलिस को वैशालीनगर जरहाझेल 06 नंबर बैरियर मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन लावारिस हालत में खड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो वाहन क्रमांक CG-10-E-8576 में लोहे की जाली, पाइप, रोलर और अन्य सामग्री सहित लगभग दो टन लोहे का कबाड़ भरा मिला। पुलिस की भनक लगते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन और कबाड़ सामग्री को जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में जब्त कबाड़ संदिग्ध एवं लावारिस प्रकृति का पाया गया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर समस्त मशरूका को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 के तहत जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कबाड़ चोरी, अवैध परिवहन और संदिग्ध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा चोरी के माल के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

