जेबीसीसीआई गठन पर तेज हुई बहस, एपेक्स बैठक में मामला गरमाया

कोरबा,  कोल इंडिया मुख्यालय कोलकाता में एपेक्स जेसीसी की बैठक संपन्न हुई। इसमें मुख्यालय द्वारा आमंत्रित ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारी और अन्य लोग शामिल हुए। कोल इंडिया के अधिकारियों की मौजूदगी में आवश्यक चर्चा हुई। ऑल इंडिया कोल वर्कर्स फेडरेशन के महामंत्री डीडी रामानंद ने जानकारी दी कि फेडरेशन की ओर से कोल इंडिया में चारों श्रम संहिताओं को जल्दबाजी में लागू किए जाने पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई गई। साथ ही, जेबीसीसीआई का गठन अविलंब किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रबंधन से इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर स्पष्ट जवाब एवं ठोस निर्णय की अपेक्षा की गई थी। दोनों विषयों को अगली बैठक तक के लिए टाल दिया गया। कहा गया कि ऑल इंडिया कोल वर्कर्स फेडरेशन श्रमिकों एवं खनिकों के हितों से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर निरंतर संघर्षरत है तथा भविष्य में भी इन मांगों को पूरी मजबूती के साथ उठाता रहेगा।