नगर निगम की नई पहल, अब सीधे आयुक्त तक पहुंचेंगी जनसमस्याएं

“कनेक्ट टू कमिश्नर” अभियान शुरू, शिकायतों के लिए जारी हुआ मोबाइल नंबर

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए एक नई पहल करते हुए “कनेक्ट टू कमिश्नर” अभियान की शुरुआत की है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इसके तहत एक विशेष मोबाइल नंबर जारी किया है, जिसके माध्यम से अब नागरिक अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे आयुक्त तक पहुंचा सकेंगे।

इस पहल के तहत सफाई व्यवस्था, सड़क एवं नाली की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं तथा अन्य नागरिक सुविधाओं संबंधी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके अलावा नगर विकास से जुड़े सुझाव और जनसमस्याएं भी सीधे साझा की जा सकेंगी।

निगम द्वारा जारी मोबाइल नंबर 94060-04300 पर नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस सुविधा के शुरू होने से लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और शिकायतों के त्वरित निराकरण में भी मदद मिलेगी।

आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इस संबंध में एक वीडियो संदेश जारी कर नागरिकों से इस व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।