ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, सड़क हादसे रोकने प्रशासन सख्त

कोरबा। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों से कहा कि दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए वहां सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को सड़क किनारे उगी झाड़ियों की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप निर्माण तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा कोयला एवं फ्लाई ऐश परिवहन मार्गों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया। विशेष रूप से कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर गुरसिया घाट के तीव्र मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने पर बल दिया गया।

बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण कुमार किरण, प्रभारी पुलिस अधीक्षक लखन पटले, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित पीडब्ल्यूडी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहे।