नायब तहसीलदार से मारपीट के विरोध में प्रशासनिक अधिकारी हड़ताल पर, गिरफ्तारी की मांग तेज

कोरबा। सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ मारपीट की घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज कर दिया है। कोरबा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों ने कामबंद कर घटना के प्रति नाराजगी जताई और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार 27 मई को राजापुर उप तहसील में शासकीय कार्य के दौरान नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिकारियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि फील्ड में कार्यरत अधिकारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस प्रकार की घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने 29 मई को प्रदेशव्यापी सांकेतिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया था। इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया गया है।

कोरबा में संघ के पदाधिकारियों एवं अधिकारियों ने कलेक्टर कुणाल दुदावत को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अधिकारियों में असुरक्षा की भावना बनी रहेगी।

अधिकारियों के कामबंद आंदोलन के कारण राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न कार्य प्रभावित हुए हैं। हालांकि संघ की ओर से आंदोलन की अवधि को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। संघ ने स्पष्ट किया है कि दोषियों की गिरफ्तारी और अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रखने पर विचार किया जाएगा।