अधूरे ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर पलटी कागजों से भरी मिनी ट्रक, चालक सुरक्षित

कोरबा। सर्वमंगला-कनबेरी मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह सोनपुरी पुल के समीप कागजों से भरी एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया और उसे मामूली चोटें आईं, जबकि ट्रक में लदा सामान सड़क पर बिखर गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मिनी ट्रक कागजों का लोड लेकर सर्वमंगला-कनबेरी मार्ग से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सोनपुरी पुल के पास पहुंचने पर वाहन अधूरे बने स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित हो गया और पलट गया।

दुर्घटना में चालक सुरक्षित बच गया, हालांकि उसे हल्की चोटें आई हैं।

हादसे के बाद ट्रक में लदे कागज सड़क पर बिखर गए, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी तथा क्रेन की सहायता से पलटे वाहन को हटाकर यातायात को सामान्य कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर को अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके कारण वाहन चालकों को उसे पहचानने में परेशानी होती है। बताया जा रहा है कि चालक ब्रेकर को समय पर नहीं देख पाया और वाहन की गति अधिक होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अधूरे ब्रेकर को जल्द दुरुस्त करने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।