ट्रांसपोर्ट कंपनी कैंप में बवाल, सुपरवाइजर पर बेसबॉल बैट से हमला

ड्राइवर और साथियों ने की मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद मामला दर्ज

कोरबा। डीडीएम रोड स्थित आरकेटीसी कंपनी कैंप में गुरुवार दोपहर जमकर मारपीट हुई। कंपनी के एक सुपरवाइजर पर ड्राइवर और उसके दो साथियों ने बेसबॉल बैट, लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना में सुपरवाइजर घायल हो गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार आरकेटीसी कंपनी के सुपरवाइजर राजा पांडे ने कंपनी के ट्रेलर ड्राइवर सोनू साहू को वाहन साइड में लगाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर सोनू साहू ने अपने दो साथियों को मौके पर बुला लिया।

इसके बाद तीनों ने मिलकर राजा पांडे पर बेसबॉल बैट, लात और घूंसों से हमला कर दिया। वहां मौजूद अन्य कर्मचारी बीच-बचाव करते रहे, लेकिन आरोपी नहीं माने। मारपीट में सुपरवाइजर घायल हो गया।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।