कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक लेकर दिए निर्देश, हर विभाग में पोर्टल संचालन हेतु कर्मचारी नियुक्त करने कहा
कोरबा। राज्य शासन द्वारा शीघ्र शुरू की जाने वाली मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के प्रभावी संचालन को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों और आवेदनों का समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विभाग प्रमुखों को अपने-अपने कार्यालयों में पोर्टल संचालन के लिए एक जिम्मेदार कर्मचारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवेदनों के निराकरण की समयावधि पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। कलेक्टर ने जिला कार्यालय की शिकायत शाखा में सीएम हेल्पलाइन प्रकोष्ठ तैयार करने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए ऑनलाइन शिकायत पंजीयन, मॉनिटरिंग एवं निराकरण की चरणबद्ध प्रक्रिया समझाई। उन्होंने पोर्टल की विभिन्न लेयर और उनके कार्यों की जानकारी भी अधिकारियों को दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, डीएफओ कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण किरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

