नए शिक्षण सत्र से पहले पूरे हों अधूरे स्कूल भवन : कलेक्टर

टीएल बैठक में अधिकारियों को निर्देश, लापरवाही पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को नोटिस जारी करने के  आदेश

कोरबा। आगामी 16 जून से शुरू होने वाले नए शिक्षण सत्र 2026-27 को देखते हुए जिला प्रशासन ने अधूरे स्कूल भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों से कहा कि नए सत्र के प्रारंभ होने से पहले सभी अधूरे स्कूल भवनों का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी,आरईएस सहित अन्य निर्माण एजेंसियों को स्वीकृत स्कूल भवनों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। स्वामी आत्मानंद विद्यालय भवन निर्माण में लापरवाही बरतने पर पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता, एसडीओ और उप अभियंता को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि नए सत्र के शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्कूल भवन, स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी भवन निर्माण स्थलों पर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार स्टीमेट में बोर की व्यवस्था शामिल करने को कहा गया।

बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायत सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को बैंक से समन्वय कर हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। योजना में प्रगति नहीं होने पर कोरबा जनपद सीईओ और कटघोरा सीएमओ को नोटिस जारी करने की चेतावनी दी गई।

खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 30 जून तक सभी स्थानों पर खाद्यान्न भंडारण पूरा करने तथा 1 से 10 जुलाई के बीच राशनकार्ड धारकों को चावल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में वृद्धा एवं विधवा पेंशन के पात्र हितग्राहियों की पहचान के लिए सर्वे सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि वंचित लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके अलावा मानसून पूर्व खाद-बीज भंडारण, पीएम जनमन आवास योजना और पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ, नगर निगम आयुक्त, अपर कलेक्टर, एसडीएम, डीएफओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।