लोगों को राहत देना ही सुशासन का उद्देश्य : डॉ. पवन सिंह

जटगा और छिंदपुर में लगे जनसमस्या निवारण शिविर, सैकड़ों आवेदनों का मौके पर निराकरण

कोरबा। सुशासन तिहार के अंतर्गत जिले के पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जटगा तथा कटघोरा ब्लॉक के छिंदपुर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

ग्राम पंचायत जटगा में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन की अवधारणा को जमीन पर उतारना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है और आम लोगों को राहत पहुंचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर जनहित में बेहद उपयोगी हैं, क्योंकि सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहते हैं, जिससे ग्रामीणों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। जटगा शिविर में 13 पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए, जहां कुल 518 आवेदन प्राप्त हुए।

इनमें से 74 मामलों का तत्काल निराकरण किया गया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति मरावी, जनपद सदस्य श्रीमती श्यामा पेन्द्रो, रघुराज सिंह, पवन सिंह पोया, एसडीएम मनोज कुमार बंजारे तथा सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

वहीं कटघोरा ब्लॉक के छिंदपुर में आयोजित शिविर में कुल 497 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 112 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में कटसीरा, केसला, रलिया, नवापारा, बेलटिकरी, अखरापाली, मौहाडीह, गंगदेई और मुढाली सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण शामिल हुए।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि सरकार प्राथमिकता के आधार पर जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। शिविर में पेंशन, जॉब कार्ड, दिव्यांगों को सहायक सामग्री, कृषि एवं स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित लाभ वितरित किए गए। साथ ही तीन पंचायतों को टीबी मुक्त होने का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती झूलबाई गोविंद सिंह कंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ममता दामोदर राठौर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।