डिप्लेयरिंग से बर्बाद जमीन को फिर कृषि योग्य बनाने की मांग

सीपीएम ने किया एसडीएम कार्यालय का घेराव, तहसीलदार ने सर्वे कराने का दिया आश्वासन

कोरबा। एसईसीएल कोरबा क्षेत्र अंतर्गत बल्गी-सुराकछार खदान की डिप्लेयरिंग गतिविधियों से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को सीपीएम कार्यकर्ताओं और किसानों ने कटघोरा स्थित एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने भूधंसान से प्रभावित कृषि भूमि को पुनः खेती योग्य बनाने तथा किसानों को मुआवजा देने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान बताया गया कि बल्गी कोयला खदान में डिप्लेयरिंग के कारण सुराकछार बस्ती के किसानों की सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि बुरी तरह प्रभावित हो गई है।

जमीन में गहरी दरारें पड़ गई हैं और कई स्थान तालाब, झील तथा खाई में तब्दील हो चुके हैं, जिससे खेती पूरी तरह बंद हो गई है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्रभावित किसानों को पिछले तीन वर्षों की क्षतिपूर्ति राशि दी जाए तथा जमीन को दोबारा कृषि योग्य बनाने के लिए आवश्यक कार्य कराए जाएं। इस दौरान कार्यालय परिसर में नारेबाजी भी की गई।

तहसीलदार ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनते हुए मामले में सर्वे कराने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।

माकपा जिला सचिव प्रशांत झा ने कहा कि खनन गतिविधियों के कारण किसानों की आजीविका प्रभावित हुई है और प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से कार्य करना चाहिए।

प्रदर्शन में दीपक साहू, गणेशराम चौहान, किसान सभा के दामोदर श्याम, रेशम यादव, रमेश, सोनू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।