‘वन नेशन वन स्पिरिट’ फोटो स्टोरी प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान
कोरबा। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कटघोरा की प्रथम वर्ष की छात्रा कु. शिवांगी सिंह ने अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने “वन नेशन वन स्पिरिट” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित फोटो स्टोरी प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की।
यह प्रतियोगिता माई भारत जीओवी पोर्टल के माध्यम से “हर घर स्वदेशी” अभियान के 11वें संस्करण के तहत आयोजित की गई थी। देशभर से लाखों विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया था। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर शिवांगी सिंह को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।बताया गया कि विगत 11 वर्षों से आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहली बार इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर से किसी छात्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया है। शिवांगी पहले से ही मेधावी छात्रा रही हैं।
उनका चयन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की क्युट परीक्षा के माध्यम से हुआ था।
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कटघोरा के अधिष्ठाता डॉ. राजेश कुमार साहू ने शिवांगी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वह पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रहती हैं। वहीं माई भारत पोर्टल के नोडल अधिकारी डॉ. रोशन भारद्वाज ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कु. शिवांगी सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद और कृषि महाविद्यालय कोरबा के मार्गदर्शन को दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

