एसईसीएल बलगी सब स्टेशन में चोरी और मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

कोरबा। बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल बलगी सब स्टेशन में चोरी और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 23 मई की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

जानकारी के अनुसार एसईसीएल बलगी के प्रधान सुरक्षा प्रहरी ने 23 मई को बांकिमोंगरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 1:30 बजे कुछ युवक जबरन सब स्टेशन परिसर में घुस आए। आरोपियों ने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। बदमाश करीब 100 मीटर केबल और पाइप चोरी कर अपने साथ ले गए।

आरोपियों ने सुरक्षाकर्मी को धमकाते हुए कहा कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी गई तो बहन-बेटी को उठा लेंगे। घटना के दौरान की पूरी वारदात सब स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। चोरी किए गए पाइप और एंगल को आरोपियों ने बाउंड्रीवाल के बाहर फेंक दिया था।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 20 वर्षीय अर्जुन सिंह और एक अपचारी बालक की पहचान हुई।

पुलिस ने अर्जुन सिंह को 25 मई की शाम शांतिनगर बलगी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी और मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किया गया केबल फरार आरोपियों के पास है।

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।