कोरबा में शुरू होगी निःशुल्क डायलिसिस सुविधा, 26 मई को ‘रोटरी–एमजेएम डायलिसिस सेंटर’ का शुभारंभ

कोरबा। शहर के जरूरतमंद किडनी मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल (एमजेएम हॉस्पिटल) और रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के संयुक्त प्रयास से अब आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके लिए “रोटरी–एमजेएम डायलिसिस सेंटर” का शुभारंभ 26 मई 2026, मंगलवार को शाम 4 बजे किया जाएगा।

एमजेएम हॉस्पिटल परिसर में स्थापित इस डायलिसिस सेंटर में प्रतिदिन लगभग 12 जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त डायलिसिस सुविधा दी जाएगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह पहल उन मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगी, जो आर्थिक तंगी के कारण नियमित उपचार नहीं करा पा रहे थे।

कार्यक्रम का उद्घाटन रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित जायसवाल करेंगे। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एस. एन. केशरी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में शहर के सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, रोटरी क्लब के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे।

एमजेएम हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. प्रिंस जैन ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा हर व्यक्ति का अधिकार है और किसी भी मरीज की आर्थिक स्थिति उसके इलाज में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और उन्हें सामाजिक सहयोग प्रदान करना है।

कोरबा एवं आसपास के क्षेत्रों में किडनी रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डायलिसिस की महंगी प्रक्रिया कई परिवारों के लिए आर्थिक बोझ बन जाती है। ऐसे में निःशुल्क डायलिसिस सेंटर की शुरुआत को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि निजी अस्पतालों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिल सकती है। यह केंद्र सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बनकर सामने आया है।