तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर,एक युवक की मौके पर मौत, दो घायल

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में राहगीर और ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में बाइक सवार जितेंद्र कंवर की मौत हो गई, जबकि मोनू सिंह और रोशन तिर्की घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। मृतक और घायल तीनों कोरबा के इमलीडुग्गू बस्ती के निवासी बताए गए हैं।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।