कोरबा।मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णानगर बस्ती में एक 26 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के भीतर लोहे के एंगल पर चुन्नी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार कृष्णानगर निवासी धर्मेंद्र पासवान ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गौरेया थाना अंतर्गत तुर्की क्षेत्र की रहने वाली प्रीति उर्फ बेबी से प्रेम विवाह किया था।
बताया गया कि धर्मेंद्र ने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर प्रीति से शादी की थी। विवाह के बाद दोनों कोरबा में किराए के मकान में अपने तीन वर्षीय बच्चे के साथ रह रहे थे। धर्मेंद्र बालको पावर प्लांट में एक निजी कंपनी के ठेकेदारी कार्य से जुड़ा हुआ है।
रविवार सुबह धर्मेंद्र ने घर के भीतर पत्नी को फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखते ही वह घबरा गया और शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।
तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

