युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, शिवम राय की सक्रियता बनी चर्चा का केंद्र

29 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, संगठन में बढ़ी राजनीतिक हलचल

कोरबा। युवा कांग्रेस संगठन चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्माने लगा है। 29 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, जिसके साथ ही संगठन के भीतर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष शिवम राय की सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

शिवम राय लंबे समय से युवा कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार विधानसभा चुनाव के दौरान संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। यही कारण है कि आज भी संगठन के वरिष्ठ नेताओं और युवा कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि शिवम राय विधायक फूल सिंह राठिया के काफी  करीबी माने जाते हैं।

दोनों की राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में लगातार एकजुटता देखने को मिलती रही है। माना जा रहा है कि इस तालमेल का लाभ आगामी संगठन चुनाव में भी मिल सकता है।

शिवम राय ने बीते 7 से 8 वर्षों में युवा कांग्रेस संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने करतला ब्लॉक युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष, विधानसभा सोशल मीडिया समन्वयक और पिछले चार वर्षों से विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। उनके कार्यकाल में गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर टीम तैयार करने और युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने के प्रयास किए गए।

समर्थकों का कहना है कि संगठन क्षमता, राजनीतिक अनुभव और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद शिवम राय को मजबूत दावेदार बनाता है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले लगातार बैठकों, समर्थकों से संपर्क और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय मौजूदगी को बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि शिवम राय चुनाव मैदान में उतरते हैं तो युवा कांग्रेस का यह चुनाव काफी रोचक और मुकाबले वाला हो सकता है।