29 करोड़ की लागत से बनेंगी नई सड़कों का भूमिपूजन, जनता को मिलेगी राहत : लखनलाल

डीएमएफ मद से स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्य शुरू, जिले में तेज होगा विकास

कोरबा। जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 29 करोड़ 42 लाख 96 हजार रुपए की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण किया जाएगा। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से स्वीकृत इन कार्यों का भूमिपूजन कोरबा जिले के 26वें स्थापना दिवस पर ध्यानचंद चौक, रूमगरा में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया।

सुशासन तिहार के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जिले में डीएमएफ मद से लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का सहयोग मिलने से कोरबा में विकास को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से आम जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और लंबे समय से सड़कों की खराब स्थिति को लेकर मिल रही शिकायतों का समाधान होगा।

उन्होंने बताया कि दर्री, बालको, कुसमुंडा सहित कई क्षेत्रों में सीमेंट कांक्रीट सड़कों का निर्माण किया जाएगा। अनुकूल परिस्थितियां बनने के बाद इन कार्यों को अब तेजी से प्रारंभ किया जा रहा है।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि नगर निगम के सभी 67 वार्डों में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य जिले की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाना है, ताकि लोगों को सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

निगमायुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि डीएमएफ की लगभग 30 प्रतिशत राशि आवागमन व्यवस्था सुधारने में खर्च की जा रही है। कलेक्टर कुणाल दुदावत की मंशा है कि जिले की सभी सड़कें बेहतर स्थिति में रहें और बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों को भी उत्कृष्ट मार्ग सुविधा प्राप्त हो।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े ने स्वीकृत सड़कों एवं प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में पार्षद अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, सीमा कंवर, राधा महंत, कल्याणी यादव, प्रीति शर्मा, अजय चंद्रा, राजकुमार साहू, सम्मत रतन सिंह कंवर, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।