कोरबा। एसईसीएल मुड़ापार स्थित मुख्य अस्पताल के समीप लगने वाले साप्ताहिक बाजार में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फुटपाथ पर लगी कई दुकानें इसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार को बाजार पूरी तरह सजा हुआ था और बड़ी संख्या में लोग खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान बाजार के प्रवेश मार्ग की ओर स्थित एक दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। दुकानों में रखी सूखी लकड़ियां और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आसपास की कई दुकानें जलने लगीं और उनमें रखा सामान पूरी तरह राख हो गया।
आग लगते ही बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
दुकानदार अपने सामान को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण अधिकतर लोग बेबस नजर आए। प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि उनकी पूरी पूंजी जलकर नष्ट हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका और आसपास के क्षेत्रों में आग फैलने से रोका गया।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि शॉर्ट सर्किट या चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

