शारदा विहार में झेरिया यादव समाज का प्रांतीय सम्मान समारोह आयोजित

कोरबा। शारदा विहार स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर में छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज द्वारा प्रांतीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। समारोह में कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि संगठन की मजबूती और अनुशासन से ही समाज बड़े लक्ष्य हासिल कर सकता है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव ने शिक्षा को समाज के विकास का सबसे बड़ा हथियार बताते हुए अभिभावकों से बच्चों को तकनीकी और रोजगारपरक शिक्षा देने की अपील की। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए विवाह समारोहों में फिजूलखर्ची रोकने और सादगी अपनाने पर जोर दिया। साथ ही समाज को मजबूत बनाने के लिए नियमित बैठकों और सामाजिक सहयोग की आवश्यकता बताई।

प्रदेश उपाध्यक्ष भगत सिंह यादव ने युवाओं से राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया, ताकि समाज का सर्वांगीण विकास हो सके। समारोह में अन्य पदाधिकारियों ने भी समाज की एकजुटता और विकास पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रांतीय पदाधिकारियों का जिला अध्यक्ष रिखीराम यादव एवं कार्यकारी अध्यक्ष मूरत यादव द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सैलाना यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।