बालको कूलिंग टॉवर से रिस्दा पुल तक नाली निर्माण का लखन लाल ने किया शिलान्यास

बालकोनगर। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने सोमवार को शांतिनगर क्षेत्र में सड़क किनारे नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बालको कूलिंग टॉवर से रिस्दा पुल तक लगभग 2.9 किलोमीटर लंबाई में नाली का निर्माण किया जाएगा। करीब 5 करोड़ रुपए की इस परियोजना में 2.5 करोड़ रुपए जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) तथा 2.5 करोड़ रुपए बालको की सीएसआर निधि से व्यय किए जाएंगे। निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

परियोजना के पूर्ण होने के बाद शांतिनगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा बरसात के मौसम में नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित यह परियोजना सामुदायिक आधारभूत संरचना को मजबूत करने और स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026 में बालको की विभिन्न सामाजिक पहलों से 1.8 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन और बालको की साझेदारी से कोरबा क्षेत्र में आधारभूत संरचना विकास को लगातार गति मिल रही है। इससे पूर्व बजरंग चौक से रिस्दा पुल मार्ग के उन्नयन और सड़क निर्माण जैसी परियोजनाएं भी शुरू की जा चुकी हैं।