भीषण गर्मी में कोथारी रोड और बालपुर स्टेशन पर फंसे रहे यात्री, कनेक्टिंग ट्रेन छूटने से बढ़ी परेशानी
कोरबा। नाम एक्सप्रेस और किराया भी उसी श्रेणी का, लेकिन सुविधा के नाम पर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोरबा से अमृतसर जाने वाली ट्रेन नंबर 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को मात्र 40 किलोमीटर की दूरी तय करने में पूरे 4 घंटे लग गए। नवतपा के पहले ही दिन 44 डिग्री तापमान के बीच सैकड़ों यात्री ट्रेन में बेहाल होते रहे और रेलवे व्यवस्था को कोसते नजर आए।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 11.30 बजे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस कोरबा से अमृतसर के लिए रवाना हुई। सामान्य रूप से कोरबा से चाम्पा तक का सफर लगभग एक घंटे में पूरा हो जाता है, लेकिन इस बार यात्रियों को अत्यधिक विलंब का सामना करना पड़ा। ट्रेन को कोथारी रोड स्टेशन पर करीब 3 घंटे तक खड़ा रखा गया।
यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन पर पीने के पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे भीषण गर्मी में लोगों की हालत खराब हो गई।
काफी इंतजार के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया, लेकिन बालपुर स्टेशन पर फिर रोक दिया गया। इस दौरान कई मालगाड़ियां लगातार गुजरती रहीं और यात्री बेबस होकर इंतजार करते रहे। आखिरकार ट्रेन दोपहर करीब 3.30 बजे चाम्पा जंक्शन पहुंची। वहां भी अव्यवस्था के कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
कनेक्टिंग ट्रेन छूटने से बढ़ी मुश्किलें
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस पर भरोसा कर अलग-अलग गंतव्य के लिए यात्रा कर रहे कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेन चाम्पा और बिलासपुर से छूट गई। इसके कारण यात्रियों का समय और पैसा दोनों खराब हुआ। नाराज यात्रियों ने स्टेशन मास्टर से लेकर एआरएम और डीआरएम तक शिकायत की। कई यात्रियों ने इस मामले को उपभोक्ता फोरम तक ले जाने की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

