विशेषज्ञों ने दी उपचार व जागरूकता की जानकारी, गंभीर मरीज जिला अस्पताल रेफर
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अपना घर सेवा आश्रम में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मानसिक रूप से अस्वस्थ 35 मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
जांच के दौरान गंभीर रूप से अस्वस्थ मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। शिविर में उपस्थित लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, समय पर उपचार, नशा एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन पर जानकारी दी गई।
इस शिविर का संचालन सुश्री तृप्ति ब्राम्हणी (साइकेट्रिक नर्स एवं सीनियर नर्सिंग ऑफिसर) द्वारा किया गया। शिविर में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद्माकर शिंदे सहित अन्य कर्मचारियों का सहयोग रहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने कहा कि मानसिक रोग भी अन्य बीमारियों की तरह सामान्य हैं और समय पर पहचान व उपचार से इन्हें नियंत्रित किया जा सकता है।उन्होंने लोगों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को छिपाने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

