पीरियड्स पर खुलकर बात करने का लिया गया संकल्प

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने किया कार्यशाला सह परिचर्चा का आयोजन

कोरबा। मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर जागरूकता फैलाने और इससे जुड़े मिथकों को तोड़ने के उद्देश्य से रविवार को पंचवटी विश्राम गृह में कार्यशाला सह परिचर्चा का आयोजन किया गया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा यूनिसेफ द्वारा संचालित “तारुण्य वार्ता- हैशटैग पीरियड्स पर खुलकर” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया और पीरियड्स पर खुलकर बात करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं भारतीय रेडक्रास सोसायटी के चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल ने कहा कि मासिक धर्म कोई शर्म का विषय नहीं बल्कि स्वास्थ्य से जुड़ा प्राकृतिक विषय है, जिस पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने जरूरतमंद किशोरियों के लिए रेडक्रास सोसायटी के माध्यम से दो हजार सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने की घोषणा की।

रेडक्रास सोसायटी के उपाध्यक्ष आरपी तिवारी ने स्कूलों में मासिक धर्म पर विशेष कक्षाएं आयोजित करने की आवश्यकता बताई। वहीं प्राचार्य अनिता ओहरी, रिनी दुबे, अनिमा प्रसाद और संगीता साव ने छात्राओं को पीरियड्स के दौरान होने वाली समस्याओं और स्कूलों में पर्याप्त सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जिला आयुक्त (गाइड) डॉ. फरहाना अली ने कहा कि दक्षिण भारत की तरह पीरियड्स को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने की जरूरत है। उन्होंने सेनेटरी पैड निर्माण अभियान चलाने की बात कही।

ऑडियालॉजिस्ट डॉ. ज्योति बाला ने कहा कि इस विषय पर खुलकर चर्चा होने से समाधान भी निकलेगा।

निदान संस्था की पूर्णिमा स्वर्णकार ने लड़कों को भी जागरूक करने की आवश्यकता बताई, जबकि स्रोत संस्था की लक्षन चंद्रा ने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी महिलाएं कपड़े और राख का उपयोग करने को मजबूर हैं। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और युवाओं ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान रोवर्स एवं रेंजर्स द्वारा मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला चिकित्सालय की काउंसलर वीणा मिस्त्री ने किया। इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख, जिला संगठन आयुक्त डीगम्बर सिंह कौशिक, जिला प्रशिक्षण आयुक्त पुष्पा शांडिल्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।