भीषण गर्मी के बीच दिनभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, देर शाम बहाल हुई आपूर्ति
कोरबा। भीषण गर्मी और उमस के बीच कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र में बिजली व्यवस्था उस समय पूरी तरह प्रभावित हो गई, जब दर्री जोन अंतर्गत अजगरबहार 33 केवी विद्युत लाइन पर एक विशाल पेड़ गिर गया। इससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार तेज हवाओं और मौसम के असर से विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने से तार क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद आसपास के कई गांवों में बिजली गुल हो गई।
भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया, वहीं पेयजल व्यवस्था और रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हुए।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दुर्गम वनांचल क्षेत्र तथा जोखिम भरे हालात के बावजूद कर्मचारियों ने लगातार घंटों तक मरम्मत कार्य किया। पेड़ हटाने, क्षतिग्रस्त तारों को सुधारने और लाइन चालू करने का काम युद्धस्तर पर किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली कर्मियों ने कठिन परिस्थितियों में भी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम किया। कई स्थानों पर दलदल और घने जंगल जैसी स्थिति होने के बावजूद टीम लगातार लाइन सुधार कार्य में जुटी रही। देर शाम विद्युत आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इस पूरी कार्रवाई में दर्री जोन के जूनियर इंजीनियर वी.पी. सिंह कंवर के नेतृत्व में प्रवीण सिंह पोर्ते, लाइनमैन लक्ष्मी नारायण यादव, एफओसी स्टाफ रामचंद्र, मदन, इंद्रपाल, योगेश कंवर, राजेंद्र कंवर और अशोक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

