ट्रांसफार्मर खराब होने से अंधेरे में डूबा गांव,भीषण गर्मी से ग्रामीण परेशान

बिजली बंद होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित, ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग की

कोरबा।भीषण गर्मी के बीच कोरबा जिले के ग्राम पंचायत बोईदा बस्ती में ट्रांसफार्मर खराब होने से पूरा गांव अंधेरे में डूब गया है। कई दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

दिन में तेज धूप और रात में उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बिजली बंद रहने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। साथ ही सरपंच और जनप्रतिनिधियों के गांव नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

गांव के लोगों ने बताया कि रात के समय सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है।

गर्मी और उमस के कारण लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पा रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग घरों के बाहर जागकर रात बिताने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द से जल्द खराब ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।