संडे ड्यूटी में भेदभाव का आरोप, एनसीएच अस्पताल कर्मचारियों का प्रदर्शन

गेवरा-दीपका नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में काम बंद कर जताया विरोध, जांच की मांग

कोरबा। गेवरा-दीपका नेहरू शताब्दी चिकित्सालय गेवरा में रविवार को कर्मचारियों ने संडे ड्यूटी को लेकर काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन पर ड्यूटी लगाने में भेदभाव करने का आरोप लगाया है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि कार्यालय अधीक्षक एन.के. द्विवेदी द्वारा केवल चुनिंदा कर्मचारियों को ही संडे ड्यूटी का लाभ दिया जा रहा है, जबकि अन्य कर्मचारियों को इससे वंचित रखा जा रहा है। नाराज कर्मचारियों ने इस व्यवस्था को पक्षपातपूर्ण बताते हुए विरोध जताया।

कर्मचारियों ने बताया कि हाल के दिनों में संडे ड्यूटी में कटौती की गई है। जबकि एनसीएच केंद्रीय अस्पताल में गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा, देलवाड़ीह और कोरबा क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 300 मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सभी कर्मचारियों को समान रूप से ड्यूटी देने की आवश्यकता है।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने मांग की कि या तो सभी कर्मचारियों को संडे ड्यूटी दी जाए या फिर किसी को भी न दी जाए। साथ ही कार्यालय अधीक्षक के खिलाफ जांच कराने की मांग भी उठाई गई।

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर गेवरा क्षेत्र की कार्मिक प्रबंधक सुधा शिंदे अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार कार्य करने और जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्व निभाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रों में भी संडे ड्यूटी नहीं दी जा रही है।

इस दौरान प्रभारी सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, कार्यालयीन कर्मचारी और पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहे।