82 लाख रुपए की लागत से सुधरेगा सर्वमंगला पुल सड़क,उद्योग मंत्री व महापौर ने किया शुभारंभ
कोरबा। नगर निगम कोरबा क्षेत्र के सर्वमंगला पुल सड़क और एप्रोच मार्ग के बहुप्रतीक्षित डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का रविवार को शुभारंभ कर दिया गया। जिला खनिज न्यास मद से 82 लाख रुपये की लागत से यह कार्य कराया जा रहा है।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस दौरान अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि ईरान-इजराइल युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के कारण डामर की कमी उत्पन्न हो गई है, जिससे सड़क निर्माण और डामरीकरण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों के डामरीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य स्वीकृत हो चुके हैं और निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, लेकिन डामर की उपलब्धता बाधा बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों के बाद संबंधित निर्माण एजेंसी के सहयोग से सर्वमंगला पुल सड़क का कार्य प्रारंभ कराया जा सका है। इस मार्ग के सुधरने से आवागमन अधिक सुगम होगा और लोगों को धूल की समस्या से राहत मिलेगी। मंत्री ने यह भी कहा कि शहर की अन्य सड़कों के डामरीकरण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत, पार्षद चन्द्रलोक सिंह, ईश्वर पटेल, रामाधार पटेल, माधव जायसवाल, पूर्व पार्षद दीपा राठौर, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, योगेश मिश्रा, रामशंकर साहू, हीरू जायसवाल, उत्तम जायसवाल सहित नगर निगम एवं निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
