कोरबा।पाली थाना के चौकी चैतमा क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर हुए विवाद में एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी महिला सपना सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
बांसटाल चैतमा निवासी प्रभा सिंह 22 मई की शाम अपनी परिचित तीजकुंवर के साथ उपरपार मेनरोड की ओर टहलने गई थीं। इसी दौरान मोहल्ले में पानी की समस्या को लेकर चर्चा हो रही थी। आरोप है कि इसी मुद्दे पर सपना सिंह ने विवाद शुरू कर दिया और गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं।
कुछ देर बाद जब प्रभा सिंह घर लौट रही थीं, तब सपना सिंह उनके घर के सामने पहुंच गई। आरोपी ने फिर से विवाद किया, गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
धक्का देने से प्रभा सिंह गिर गईं। घटना में उनकी पीठ, कमर और छाती में चोट आई है। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उन्हें गड्ढे में गाड़ देने और जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रभा सिंह ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी और चौकी चैतमा पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सपना सिंह के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
