घर में घुसकर छेड़छाड़, विरोध करने पर महिला को जान से मारने की धमकी

कोरबा।लेमरू थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला के साथ छेड़छाड़ और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने उरगा निवासी रिजवान के विरुद्ध छेड़छाड़, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अपराध दर्ज कर लिया है।

पीड़ित महिला 22 मई को अपनी बीमार मां की देखभाल के लिए रापा उपरोड़ा क्षेत्र गई हुई थी। रात के समय आरोपी रिजवान चोरी-छिपे उसके घर में घुस आया और महिला के साथ अशोभनीय हरकतें करने लगा। महिला द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसे हाथ काट देने तथा जान से मारने की धमकी दी। महिला के जोर से चिल्लाने पर आसपास के लोगों के जागने की आहट सुन आरोपी फरार हो गया।

घटना के बाद महिला ने गांव के सरपंच को सूचना दी। सरपंच की सलाह पर पीड़िता ने लेमरू थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी रिजवान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है।