भीषण गर्मी का कहर: हीट स्ट्रोक से सैकड़ों चमगादड़ों की मौत

कोरबा। जिले में बढ़ती गर्मी और नवतपा से पहले पड़ रही भीषण तपिश का असर अब वन्य जीवों पर भी दिखाई देने लगा है। पाली क्षेत्र के नौकोनिया तालाब किनारे शनिवार को सैकड़ों चमगादड़ों की मौत हो गई। पेड़ों से गिरकर मृत अवस्था में मिले चमगादड़ों को देखकर क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार जिले का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तेज गर्मी और लू जैसे हालात के कारण तालाब किनारे पेड़ों पर बसेरा करने वाले चमगादड़ हीट स्ट्रोक की चपेट में आ गए। बड़ी संख्या में मृत चमगादड़ तालाब किनारे पड़े मिले, जिससे ग्रामीणों में संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वन अमले ने जेसीबी की सहायता से गड्ढा खोदकर मृत चमगादड़ों को दफनाया।

वहीं पेड़ों पर पानी का छिड़काव कर जीवित चमगादड़ों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।

पाली वन परिक्षेत्र के रेंजर योगेश्वर बंजारे ने बताया कि पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा जांच की गई, जिसमें तेज गर्मी और हीट स्ट्रोक को मौत का कारण पाया गया। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान का असर वन्य जीवों और पक्षियों पर भी पड़ रहा है, जिसे लेकर विभाग सतर्क है।