प्रेस क्लब में मल्टी जिम का शुभारंभ, महापौर संजू देवी ने किया उन्नयन कार्य का उद्घाटन

स्व. बीएल पालीवाल की स्मृति में पत्रकारों के स्वास्थ्य के लिए नई सुविधा

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब तिलक भवन में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय बीएल पालीवाल की स्मृति में मल्टी जिम उन्नयन कार्य का शुभारंभ नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के मद से गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होता है और पत्रकार साथियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने स्वर्गीय बीएल पालीवाल के पत्रकारिता क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रेस क्लब में मल्टी जिम के उन्नयन से पत्रकारों और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इसे स्वस्थ समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती प्रियंका कौशल ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सकारात्मक प्रयासों से जुड़ना भी पत्रकारों की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रेस क्लब की इस पहल की प्रशंसा की।

इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन एवं पंकज देवांगन ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पत्रकारों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों एवं पत्रकार साथियों ने स्वर्गीय बीएल पालीवाल की स्मृति में किए जा रहे इस कार्य को स्वस्थ समाज और सशक्त पत्रकारिता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।