नारद जयंती समारोह में कैलाश यादव, सुरेश देवांगन और लालिमा शुक्ला सम्मानित
कोरबा। आद्य पत्रकार महर्षि नारद मुनि जयंती के अवसर पर रविवार को विवेकानंद सेवा सदन कोरबा में सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2026 का पत्रकारिता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार कैलाश यादव, सुरेश देवांगन और लालिमा शुक्ला को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक संचालन अरविंद कुमार राय ने कहा कि पत्रकारिता एक जोखिमपूर्ण लेकिन समाजहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि पत्रकारिता में मानवीय मूल्यों का समावेश और अधिक गंभीरता से किया जाए। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की जिम्मेदारी अत्यंत व्यापक है।
उन्होंने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से पत्रकारों से अपेक्षा की कि वे राष्ट्र और समाज हित में अपनी लेखनी को निरंतर सकारात्मक दिशा दें।
प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल ने पत्रकारिता के समक्ष मौजूद वर्तमान चुनौतियों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई।
संयोजक राजकुमार ठाकुर के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अनुभव तिवारी, अशोक पाल, सौरभ, बिरजू, आदित्य और प्रफुल्ल ने किया।
कार्यक्रम में शहर और अंचल के पत्रकारों, शोधार्थियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
भारत को समझना पत्रकारों की बड़ी जिम्मेदारी : प्रियंका कौशल
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता और पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कारों से सम्मानित प्रियंका कौशल ने कहा कि महर्षि नारद विश्व के प्रथम पत्रकार थे, जिन्होंने लोकमंगल के उद्देश्य से संवाद और सूचना का कार्य किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा में महर्षि नारद के चरित्र को हास्य रूप में प्रस्तुत किए जाने से समाज में भ्रम की स्थिति बनी है।
प्रियंका कौशल ने कहा कि भारत में चिंतन और मनन की परंपरा सदियों पुरानी है और पत्रकारों को सबसे पहले अपने भारत को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज में व्याप्त विकृतियों को दूर करने और राष्ट्रीय मूल्यों को सही संदर्भ में प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
