यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 104 मामलों में 53 हजार की पेनाल्टी

शराब पीकर वाहन चलाते मिले 19 लोग

कोरबा। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की। एक दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने 104 मामलों में चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 53 हजार 400 रुपये की पेनाल्टी वसूली।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान इंटरसेप्टर और एल्कोहोमीटर मशीन की सहायता से वाहन चालकों की जांच की गई। इस दौरान 19 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले मामलों को सीधे न्यायालय भेजा जाएगा। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। अधिकारियों ने कहा कि जिंदगी अनमोल है, इसलिए यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।