खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 जेसीबी और 16 ट्रैक्टर जप्त

अवैध रेत, मिट्टी और गिट्टी उत्खनन-परिवहन पर चला विशेष अभियान

कोरबा। जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 जेसीबी मशीनों और 16 ट्रैक्टरों को जप्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में विशेष जांच अभियान के तहत की गई।

खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान डौका गुड़ा से 1 ट्रैक्टर, विजयपुर से 2 ट्रैक्टर, सुतर्रा से 1 ट्रैक्टर तथा आमाखोखरा से ईंट से भरा 1 ट्रैक्टर जप्त किया गया। वहीं ग्राम बिंझरा में मिट्टी का अवैध उत्खनन कर रही 2 जेसीबी मशीनों को पकड़ा गया।

इसके अलावा पौड़ी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर जप्त किए गए, जबकि डुमरकछार में मिट्टी के अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी मशीन पर भी कार्रवाई की गई।

विभाग के अनुसार सभी जप्त वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है। यह पूरी कार्रवाई उड़नदस्ता दल प्रभारी एवं खनि निरीक्षक मदन साहू और सुभाष ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुई।

खनिज विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण और राजस्व की क्षति रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।