महिला को बेघर करने की कोशिश नाकाम, महापौर की पहल से मिला न्याय

कोरबा। शारदा विहार स्थित अटल आवास में रहने वाली मनजीत कौर को आखिरकार न्याय मिल गया। कुछ लोगों द्वारा उसके आवास पर कब्जा करने और ताला जड़ने की कोशिश के बाद मामला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा और महापौर तक पहुंचा, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए महिला को उसका घर वापस दिलाया गया।

जानकारी के अनुसार मनजीत कौर पिछले आठ वर्षों से शारदा विहार अटल आवास में निवास कर रही है। कुछ समय पहले वह निजी काम से पटना गई हुई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसके आवास पर अपना ताला लगा दिया।

पटना से लौटने पर मनजीत और उसके परिवार को घर में प्रवेश नहीं मिल सका, जिससे वह काफी परेशान हो गई।
मनजीत कौर ने बताया कि घर का ताला खुलवाने के लिए उसे कई जगह चक्कर काटने पड़े।

बाद में यह मामला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष उत्तम सिंह रंधावा तक पहुंचा। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर संजू देवी राजपूत को महिला और उसकी तीन बच्चियों की परेशानी से अवगत कराया।

मामले की जानकारी मिलते ही महापौर संजू देवी राजपूत ने हस्तक्षेप किया और आवास पर ताला लगाने वालों से जवाब तलब किया। महापौर की पहल और सख्त रुख के बाद मनजीत कौर को उसका आवास वापस मिल सका।

बताया जा रहा है कि मामले को उलझाने और अनावश्यक विवाद खड़ा करने की भी कोशिश की गई, लेकिन जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद महिला को राहत मिली।

मनजीत कौर और उसके परिजनों ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल से ही उन्हें न्याय मिल सका और वे दोबारा अपने घर में रह पा रहे हैं।