कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा टला, 60 टन का डम्पर पलटा

कोयला फेस से फिसलकर नीचे गिरा भारी वाहन, ऑपरेटर घायल

कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा परियोजना खदान में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। हालांकि दैवयोग से इस दुर्घटना में जनहानि नहीं हुई, लेकिन डम्पर ऑपरेटर घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार लगभग 60 टन वजनी डम्पर कोयला फेस में डंपिंग कार्य के लिए गया हुआ था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गया और नीचे जा गिरा।

हादसे के दौरान डम्पर पलट गया, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर वह दोबारा सीधा हो गया।

घटना में डम्पर ऑपरेटर राघवेंद्र को चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया तथा घायल ऑपरेटर को उपचार के लिए भेजा गया।

बताया जा रहा है कि हादसा कोयला फेस की ढलान और फिसलन के कारण हुआ। घटना के बाद एसईसीएल प्रबंधन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है।