डॉ. ऊषा बाला को दिल्ली में मिला प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मान

साहित्य अकादमी सभागार में समीक्षात्मक वक्तव्य के लिए मिला सम्मान, अशोक चक्रधर ने किया सम्मानित

कोरबा। कोरबा की प्रोफेसर डॉ. ऊषा बाला को नई दिल्ली स्थित साहित्य अकादमी सभागार में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। उन्हें पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के कहानी संग्रह ‘वाह जिंदगी’ पर सारगर्भित समीक्षात्मक वक्तव्य प्रस्तुत करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध हास्य कवि एवं पद्मश्री प्रो. अशोक चक्रधर ने डॉ. ऊषा बाला को सम्मानित किया। इस अवसर पर साहित्य अकादमी के सचिव प्रो. वरुण गुलाटी, इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक के.जी. सुरेश, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दर्शन पाण्डेय सहित देश-विदेश के लगभग 150 साहित्यकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा और समकालीन विमर्श पर विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखे। डॉ. ऊषा बाला के समीक्षात्मक वक्तव्य को उपस्थित साहित्यकारों ने काफी सराहा।

उनकी इस उपलब्धि पर श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा सहित महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों और शिक्षकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।