कोरबा। कटघोरा नगर में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कटघोरा निवासी दीपक अग्रवाल शनिवार सुबह अपनी बाइक से बिलासपुर मार्ग स्थित शिव मेडिकल के सामने सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 07 सीएम 0919 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद पिकअप वाहन बाइक को लगभग 300 मीटर तक घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन का पीछा किया और उसे अंबिकापुर मार्ग स्थित न्यू बस स्टैंड के पास रोक लिया। हालांकि भीड़ के गुस्से और मारपीट के डर से चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घायल दीपक अग्रवाल को तत्काल कटघोरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान दोपहर में उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

